सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां किसान बुवाई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। खेत के बीचों-बीच अचानक जमीन धंस चुकी थी और वहां कुएं जैसा विशाल गड्ढा बन गया था। आखिर यह प्राकृतिक घटना है या किसी और वजह से जमीन धंसी? देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम डोमाडीह और झिलगीटार के बीच स्थित एक खेत में रहस्यमयी तरीके से जमीन धंसने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार किसान सुबह बुवाई के लिए ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचा। खेत में प्रवेश करते ही उसकी नजर जमीन में बने एक बड़े गड्ढे पर पड़ी, जिसे देखकर वह हैरान रह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जमीन धंसने से लगभग 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया है। गड्ढे के आसपास की मिट्टी में भी दरारें दिखाई दे रही हैं, जिससे ग्रामीणों में और अधिक जमीन धंसने की आशंका बनी हुई है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों ने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराने और पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत के सरपंच रूपेश चौहान ने घटना की सूचना पुलिस और संबंधित विभागों को दे दी है। प्रशासन से जल्द जांच कर जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की गई है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से जमीन धंसने के कारणों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह प्राकृतिक भू-धंसाव है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
फिलहाल प्रशासन की जांच का इंतजार है। जैसे ही इस रहस्यमयी भू-धंसाव को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने आएगी, हम आपको सबसे पहले अपडेट देंगे।
