सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरसीवा थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में महासमुंद पुलिस ने बड़ी छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और तस्करी से जुड़े मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मकान से 81 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा क्षेत्र में फर्जी एनओसी और दस्तावेजों के आधार पर खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में आरोपी मनीष अग्रवाल को महासमुंद पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इसी मामले की आगे की जांच के तहत महासमुंद पुलिस की टीम आरोपी के गृह ग्राम मुड़पार पहुंची, जहां उसके मकान में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस को 500-500 रुपये के नोटों के बंडलों में कुल 81 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस ने पूरी रकम को जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा बरामद नकदी से जुड़े दस्तावेजों और रकम के स्रोत की जांच की जा रही है। साथ ही मामले में संपत्ति कुर्की सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर खैर लकड़ी तस्करी के इस नेटवर्क में 81 लाख रुपये की यह नकदी कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाना था? पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
