सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को नए पुलिस अधीक्षक के रूप में श्री सुनील शर्मा की जिम्मेदारी मिल गई है। पदभार ग्रहण करते ही नए एसपी एक्शन मोड में नजर आए और जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित कर कई अहम निर्देश जारी किए।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने पदभार संभालने के तुरंत बाद जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।
नए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाई जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरार एवं वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा जिले में अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ व्यापक स्तर पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं विश्वास को मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
