सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 30 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। मामले की जांच के बाद शिक्षा विभाग ने तीन शिक्षकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इनमें दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक संविदा शिक्षक की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्याख्याता दयासागर चौहान पर छात्राओं के साथ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे थे। विद्यालय की महिला उत्पीड़न एवं लैंगिक सुरक्षा समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर लोक शिक्षण संचालनालय ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
वहीं, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) ठाकुर राम चौहान पर छात्राओं को अनुचित दृष्टि से देखने, सीटी बजाने, फब्तियां कसने और अनावश्यक रूप से नजदीक आने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए थे। छात्राओं की लिखित शिकायत के बाद गठित पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इसी तरह व्यावसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने और शिक्षक दिवस के दिन शराब पीकर विद्यालय आने के आरोप लगे थे। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित प्लेसमेंट कंपनी NITCON Limited के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर उनकी सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की है। फिलहाल उन्हें छात्राओं के प्रत्यक्ष शिक्षण एवं पर्यवेक्षण कार्य से हटाकर विकासखंड कार्यालय बरमकेला में संलग्न किया गया है।
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग सख्त
एक ही विद्यालय में तीन शिक्षकों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल दो शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है, वहीं तीसरे शिक्षक की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया संबंधित कंपनी के स्तर पर प्रस्तावित है।
