सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल एवं कॉलेज वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस जांच के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान वाहनों की तकनीकी जांच के साथ-साथ वाहन चालकों के स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण भी किए गए।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आयोजित इस विशेष शिविर में स्कूल और कॉलेज वाहनों की फिटनेस की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों के ब्रेक, लाइट, टायर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया।
शिविर के दौरान वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण भी कराया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चालक पूरी तरह स्वस्थ हैं और सुरक्षित रूप से वाहन चलाने में सक्षम हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने ड्राइविंग के दौरान लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की। वहीं जिन वाहनों में तकनीकी खामियां पाई गईं, उनके संचालकों को जल्द से जल्द कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
