पिण्डरी स्कूल में 22 छात्राओं को मिलीं निःशुल्क साइकिलें, खिले चेहरे।
शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिण्डरी में हुआ साइकिल वितरण कार्यक्रम
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और स्कूल तक उनकी राह आसान बनाने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिण्डरी में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 22 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें बांटी गईं, जिससे छात्राओं के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष दीनानाथ खुंटे रहे। उन्होंने छात्राओं को साइकिलें सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना बालिका शिक्षा को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सभी छात्राओं को नियमित रूप से स्कूल आने, लगन से पढ़ाई करने और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करने की सीख दी।
स्कूल के प्राचार्य उमाशंकर पटेल ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि दूर-दराज के इलाकों से आने वाली छात्राओं को अब स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी। इससे छात्राओं की उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई के स्तर में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर शिक्षक राजू बरेठ, संरक्षक विशाल कुर्रे, प्रेमलाल बसंत, रामलाल वारे, नरसिंह महेश, रोहित बसंत, रामगुलाल साहू सहित शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
