सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम गोविंदवन में एक पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बिलाईगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम गोविंदवन में पति परमेश्वर साहू ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिलाईगढ़ में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लेकिन महिला की मृत्यु के बाद प्रकरण में धारा 103(1) BNS (हत्या) जोड़ दी गई।
बिलाईगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विवेचना जारी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
