जांजगीर-चांपा। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मुलमुला पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर हाथ में नंगी छुरी लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे की एक छुरी जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मुलमुला निवासी चंद्रकांत नवरंगे, मुलमुला-नरियरा रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने आम सड़क पर हाथ में नंगी छुरी लेकर उसे लहरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से एक लोहे की छुरी जब्त की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
इनकी रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रितेश परमा, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन तथा आरक्षक सनोहर जगत और राजेश कश्यप का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी: चंद्रकांत नवरंगे, निवासी मुलमुला, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखकर आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
