सारंगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹1 लाख की ठगी, फरार आरोपी गिरफ्तार
सारंगढ़। शासकीय स्कूल में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी करने वाले लंबे समय से फरार आरोपी को सारंगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोरबा से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2019 में चौकी रजगामार में प्रार्थी महेश कुमार चौहान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गौरीशंकर नारंग ने एक महीने के भीतर सरकारी स्कूल में प्यून की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे ₹1,00,000 ले लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए।
शिकायत की जांच के बाद रजगामार चौकी में ‘जीरो’ FIR दर्ज कर मामला थाना सारंगढ़ भेजा गया। इसके बाद 6 मई 2025 को थाना सारंगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 203/2025, धारा 420 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार था। पुलिस ने लगातार तलाश जारी रखते हुए आरोपी को कोरबा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने एक लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹35,000 नकद, एक मोबाइल फोन और बैंक पासबुक बरामद कर जब्त की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सारंगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। भर्ती प्रक्रिया केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से ही होती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
