सक्ती। जिले में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती जयश्री जैन ने दूर-दराज से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण के लिए कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए नियमानुसार जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनदर्शन में भूमि नामांतरण, खाद वितरण, पेयजल पाइपलाइन, आवास, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड में नाम सुधार सहित कई तरह की समस्याएं सामने आईं।
ग्राम सकरेली निवासी नेतराम राठौर ने रजिस्ट्री की गई भूमि का नामांतरण कराने, ग्राम करमनडीह निवासी विष्णु चंद्रा ने भोथीडीह सोसायटी प्रबंधक की मनमानी और खाद नहीं देने की शिकायत की।
वहीं सक्ती वार्ड नंबर 10 अखराभांठा निवासी घासीराम खर्रा ने पानी की पाइपलाइन बिछाने, ग्राम कचंदा निवासी रुक्मणी कर्ष ने आवास दिलाने और ग्राम बड़ेसीपत निवासी धनीराम साहू ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी।
इसके अलावा ग्राम चरौदा निवासी तिलेश्वर कुमार बरेठ ने राशन कार्ड में नाम सुधारने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से हर मंगलवार जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन कलेक्ट्रेट कार्यालय में किया जा रहा है।
