सारंगढ़-बिलाईगढ़। सामाजिक कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले युवा जनसेवक भागवत साहू ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम गुड़ेली, सरसरा और सेंदूरस के स्कूलों में अध्ययनरत लगभग 400 छात्र-छात्राओं को कॉपी और पेन वितरित किए। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस सेवा कार्य से विद्यार्थियों और ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर “हैप्पी बर्थडे टू यू” गाते हुए भागवत साहू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों और बच्चों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।
भागवत साहू ने कहा कि शिक्षा ही समाज को सही दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उनका मानना है कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचनी चाहिए, क्योंकि शिक्षित व्यक्ति अपने अधिकारों को समझता है, सही-गलत की पहचान करता है और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि भागवत साहू लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनका यह प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस पहल की गांवों में सराहना हो रही है।
इस अवसर पर किशोर पटेल, टीनू बरेठ, महेश साहू, चंदन चौहान, संजू सिदार, टिकेश्वर साहू, प्रकाश श्रीवास, योगेश यादव, मोती निषाद सहित अनेक सहयोगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में भागवत साहू ने सभी बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील करते हुए कहा,
“सबको पढ़ना है, सबको बढ़ना है। शिक्षा के लिए मैं हमेशा आपके साथ हूं।”
