सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनोखा विरोध, रात में मशाल जुलूस निकालकर शासन-प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश


रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉग अंतर्गत तोलगे गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर रवि भगत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान ग्रामीण रात के अंधेरे में मशाल जुलूस लेकर सड़कों पर उतर आए।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
हाथों में जलती मशालें लेकर ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों के इस अनोखे मशाल जुलूस के बाद प्रशासन सड़क निर्माण को लेकर क्या कदम उठाता है।
