कोरबा में पुल चोरी….10 गिरफ्तार, 2 पर पांच हजार का इनाम, रशियन हॉस्टल के पास लोहे के पुल काटने के मामले में पुलिस की कार्रवाई
कोरबा में 40 साल पुराना लोहे का पुल काटकर चुराने वाले 5 और आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। अब तक कुल 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके अलावा, 2 नाबालिग बच्चों को भी संरक्षण में लिया गया है। बतादें कि 15 आरोपियों ने मिलकर ढोढ़ीपारा इलाके में बने पुल में लगी लोहे की 15 टन रेलिंग की चोरी की थी।
रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल और डेंगुरनाला ब्रिज से लोहे की रेलिंग/पुल को गैस कटर से काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। पुलिस ने इस मामले के दो फरार आरोपियों मुकेश साहू और मोहम्मद असलम को पकड़ने के लिए 5000 रुपए के इनाम की घोषणा की है। मुकेश साहू के खिलाफ निगरानी खोली गई है और जिलाबदर के लिए भी उसका नाम भेजा गया है।
अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 7 कबाड़ दुकानों को सील किया गया है और एक कबाड़ संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। कबाड़ दुकानों की संयुक्त जांच नगर निगम और तहसील प्रशासन के सहयोग से की जा रही है।
इसी अभियान के तहत पत्रकार को धमकाने वाले कबाड़ संचालक सियाराम अग्रवाल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार (पिता रामानंद भगत, उम्र 33 वर्ष, निवासी रावतभाटा बजरंग चौक, थाना कोतवाली कोरबा), राजेश कुमार उपाध्याय (पिता महेश्वर लाल उपाध्याय, उम्र 48 वर्ष, निवासी अटल आवास वार्ड क्रमांक 117, थाना कोतवाली कोरबा), विक्की कुमार साह (पिता रंजीत साह, उम्र 24 वर्ष, निवासी रावतभाटा बजरंग चौक, थाना कोतवाली कोरबा), मोहम्मद असलम (पिता मोहम्मद महबूब खान, उम्र 42 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, कोरबा) और मोहम्मद अब्दुल कादिर (पिता मोहम्मद राहुब खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी 15 ब्लॉक, कोरबा) शामिल हैं। इसके अलावा, 2 विधि से संघर्षरत बालक भी हैं।
