रायगढ़। जिले के रैरुमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ससकोबा गांव की PDS दुकान में राशन सामग्री के कथित गबन का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार किया है, जबकि PDS विक्रेता बिहारी राठिया फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, PDS दुकान में हितग्राहियों को वितरित किए जाने वाले चावल, नमक और शक्कर में लाखों रुपये के गबन का आरोप है। आरोप है कि हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट लगवाकर राशन वितरण की प्रक्रिया पूरी दिखाई जाती थी, लेकिन इसके बाद हितग्राहियों को निर्धारित राशन सामग्री नहीं दी जाती थी।
मामला सामने आने के बाद संबंधित स्तर पर जांच की गई, जिसके आधार पर रैरुमाखुर्द चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्व सहायता समूह की अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में आरोपी बताए जा रहे PDS विक्रेता बिहारी राठिया की तलाश की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले में यह जांच का विषय है कि कितने हितग्राहियों के नाम पर राशन की हेराफेरी की गई और कुल कितनी राशि एवं राशन सामग्री का गबन हुआ।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
