रायपुर/सारंगढ़। प्रदेश की राजधानी रायपुर में आज खाद्य मंत्री एवं सतनामी समाज के वरिष्ठ नेता दयालदास बघेल से सारंगढ़ क्षेत्र के युवा भाजपा नेता एवं प्रदेश महामंत्री, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा हरिनाथ खुटे ने मुलाकात की। इस दौरान सारंगढ़ क्षेत्र के मौजूदा हालात और विभिन्न स्थानीय विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

जानकारी के अनुसार, विगत दिनों खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के सारंगढ़ प्रवास के दौरान क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे और शिकायतें उनके संज्ञान में लाई गई थीं। इन्हीं विषयों को लेकर आज हुई मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुलाकात के दौरान स्थानीय समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा किए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, इस मुलाकात को सारंगढ़ की स्थानीय राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। हाल के दिनों में रेस्ट हाउस से जुड़े मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली थी। ऐसे में खाद्य मंत्री से हरिनाथ खुटे की मुलाकात को उनके समर्थक राजनीतिक सक्रियता और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय के तौर पर देख रहे हैं।
फिलहाल, मुलाकात के बाद सारंगढ़ क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर आगे क्या पहल होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
