🔴 BREAKING NEWS |
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नवागढ़ विकासखंड के एक हाई स्कूल में पदस्थ शिक्षिका निर्मला कोमल ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो में शिक्षिका का कहना है कि जब शिक्षकों की उपस्थिति और कामकाज की निगरानी ऐप के जरिए की जा रही है, तो फिर कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारियों के कामकाज का हिसाब भी ऑनलाइन और सार्वजनिक होना चाहिए।

शिक्षिका ने ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज कराने में आने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि समय पर उपस्थिति दर्ज कराने के प्रयास में कई बार शिक्षकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और हादसे तक हो जाते हैं।
उन्होंने सरकार से शिक्षकों की निगरानी के बजाय अन्य विभागों की व्यवस्था सुधारने और सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या पर ध्यान देने की बात कही।
शिक्षिका ने अधिकारियों के कार्यक्रमों और कामकाज को भी जनता के सामने सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही वीडियो में उन्होंने कहा कि वह अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगी।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका ने 29 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे स्कूल पहुंचकर यह वीडियो बनाया था। वीडियो में उन्होंने खुद को ड्यूटी पर होना बताया और इसी दौरान ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में भी मामला चर्चा में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। वहीं शिक्षिका निर्मला कोमल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अब बड़ा सवाल यह है कि ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर शिक्षिका द्वारा उठाए गए सवालों पर विभाग क्या कार्रवाई करता है और जांच के बाद इस पूरे मामले में क्या निष्कर्ष सामने आता है?
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर शिक्षा विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
