सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया क्षेत्र में एक बार फिर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला करंट हादसा सामने आया है। पंचधार विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले बुदबूदा फीडर में 11 केवी लाइन की मरम्मत के दौरान एक संविदा विद्युत कर्मी करंट की चपेट में आ गया।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संविदा कर्मी अजय कुमार ध्रुव ने लाइनमैन के माध्यम से 11 केवी लाइन बंद कराने के बाद फॉल्ट सुधारने के लिए पोल पर चढ़कर कार्य शुरू किया था। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया।
हादसे में कर्मी के एक हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उसे रायगढ़ स्थित अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कार्य के लिए लाइन बंद कराई गई थी, तो मरम्मत के दौरान बिजली सप्लाई दोबारा कैसे शुरू हो गई? आखिर किस स्तर पर लापरवाही हुई? इसका जवाब फिलहाल स्पष्ट नहीं है। विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि सरिया क्षेत्र में विद्युत कार्यों के दौरान इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। लगातार हो रहे हादसों से सुरक्षा व्यवस्था और कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करता है या नहीं।
